logo

प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, 13 दिन में तीसरी बार 

प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, 13 दिन में तीसरी बार 

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र में प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर एक युवती गुरुवार सुबह करीब पांच बजे 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। 13 दिनों के भीतर यह तीसरी बार है, जब युवती अपनी मांग को लेकर टावर पर चढ़ी है। युवती का कहना है कि उसकी शादी उसी युवक से कराई जाए, जिससे वह प्रेम करती है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने में जुट गई। इस दौरान आसपास के कई गांवों के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

 

शादी का झांसा देकर यौन शोषण का लगाया था आरोप

युवती ने पहले अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में उसने मनातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले युवती 24 अक्टूबर को पहली बार प्रेमी से शादी कराने की मांग लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी थी। उस समय युवक को मौके पर बुलाया गया था। शादी का आश्वासन मिलने के बाद युवती टावर से नीचे उतर आई थी। हालांकि, बाद में युवक शादी से मुकर गया, जिसके बाद युवती ने उसके खिलाफ यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज कराई।

25 अक्टूबर को भी टावर पर चढ़ी थी युवती

25 अक्टूबर को युवती एक बार फिर प्रेमी से शादी की मांग लेकर टावर पर चढ़ गई थी। उस समय पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों ने उसे समझाकर नीचे उतारा था। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने उसे सखी वन स्टॉप सेंटर भेज दिया था। इस बीच पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बुधवार को युवती का भाई उसे सेंटर से घर लेकर आया। जब युवती को पता चला कि उसके प्रेमी को जेल भेज दिया गया है, तो वह एक बार फिर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी है।

Tags - Palamu Love Marriage Mobile Tower Jharkhand Crime News