द फॉलोअप, पलामू:
पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। छतरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 9 किलो से अधिक अवैध अफीम बरामद करते हुए दो व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की शाम पलामू एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा चराई में अफीम की खरीद-बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने करमा चराई रोड, पथलगढ़ा के पास छतरपुर-जपला मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
.jpeg)
NDPS एक्ट तहत कार्रवाई
पूछताछ में चालक की पहचान रंजन रजक, उम्र करीब 36 वर्ष, निवासी डुमरिया, गया, बिहार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी में दो काले प्लास्टिक पैकेट से 2 किलो 660 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने रंजन रजक से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर मंझौली गांव निवासी दयानंद प्रसाद के घर पर तलाशी ली। यहां एक कमरे से पुलिस ने 7 किलो अवैध अफीम बरामद करने का दावा किया है। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 9 किलो 660 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में छतरपुर थाना कांड संख्या 156/2026 दर्ज किया गया है और NDPS एक्ट तहत कार्रवाई की जा रही है।

मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पुलिस को दे
जब्त सामान में करीब 9 किलो 660 ग्राम अफीम के अलावा एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि बरामद अफीम के स्रोत, उसके गंतव्य और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी जारी है। पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।