द फॉलोअप डेस्क:
SIR 2026: पाकुड़ जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन ने दूसरे राज्यों से प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वाले नागरिकों से जरूरी अपील की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा है कि जिन लोगों ने पश्चिम बंगाल या अन्य लेबरिंग स्टेट में जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र अथवा किसी अन्य जरूरी प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है, वे अपने आवेदन की पावती की एक प्रति संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं। इसके लिए 30 नवंबर 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

शादी के बाद पाकुड़ आई महिलाओं से भी अपील
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विशेष रूप से उन महिलाओं से भी आवेदन की पावती जमा करने की अपील की है, जिनकी शादी पश्चिम बंगाल या अन्य लेबरिंग स्टेट में हुई थी और अब वे पाकुड़ जिले में रह रही हैं। यदि ऐसी महिलाओं ने अपने पूर्ववर्ती राज्य में जाति,निवास या किसी अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है, तो उन्हें भी आवेदन की पावती अपने संबंधित बीएलओ को देनी होगी। जिला प्रशासन इन पावतियों के आधार पर संबंधित राज्यों के प्रशासन से समन्वय स्थापित करेगा, ताकि लंबित प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और आवेदकों को समय पर जरूरी दस्तावेज मिल सकें।

22 दिसंबर तक चलेगी एसआईआर की प्रक्रिया
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया 22 दिसंबर 2026 तक चलेगी। ऐसे में दूसरे राज्यों में प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वाले सभी संबंधित नागरिक 30 नवंबर 2026 तक अपने आवेदन की पावती बीएलओ को जरूर सौंप दें। इससे संबंधित राज्य के प्रशासन के साथ समय रहते समन्वय स्थापित करने और प्रमाण पत्र निर्गत कराने में आवश्यक सहयोग मिल सकेगा। उपायुक्त ने सभी पात्र आवेदकों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करने की अपील की है।