logo

पाकुड़ में क्रशर प्लांटों पर डकैती करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

पाकुड़ में क्रशर प्लांटों पर डकैती करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

द फॉलोअप, पाकुड़:

Jharkhand News: पाकुड़ जिले के हिरणपुर और महेशपुर थाना क्षेत्र स्थित पत्थर खदान व क्रशर प्लांटों में गार्डों को बंधक बनाकर डकैती और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह (Interstate gang) का पुलिस (Pakur police) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह (SP Anudeep Singh) के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में छापेमारी कर गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप वैन, धारदार हथियार, मोबाइल फोन और लूटी गई क्रशर मोटरें बरामद की हैं। एसपी अनुदीप सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले कुछ दिनों में हिरणपुर के आसनजोला स्थित रॉय एंड रॉय माइनिंग प्राइवेट कंपनी, महारो स्थित बंद पड़े पीस स्टोन क्रशर तथा रद्दीपुर ओपी क्षेत्र के तीन अलग-अलग क्रशर प्लांटों में अज्ञात अपराधियों ने नाईट गार्डों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की थी।

डकैती व चोरी के कई संगीन मामले पहले से दर्ज

लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार और एसडीपीओ पाकुड़ कुमार गौरव के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी का गठन किया था। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। अनुसंधान में स्पष्ट हुआ कि झारखंड और पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित क्रशरों को एक ही गिरोह निशाना बना रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर तीन अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों में मिथुन सरकार उर्फ मिठुन सरकार, रिंकु शेख और नबी शेख शामिल है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ झारखंड के पाकुड़ सहित पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट, मल्लारपुर, मुरारोई, फरक्का और नलहट्टी थानों में डकैती व चोरी के कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।

तीनों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली

पूछताछ में तीनों ने सभी घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से लूट में प्रयुक्त एक बड़ी पिक-अप वैन, लकड़ी का बेंट लगा लोहे का गड़ासी, लोहे का तार कटर, वीवो कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, तीन बड़ी क्रशर मोटर, दो छोटी क्रशर मोटर तथा एक क्षतिग्रस्त डीवीआर बरामद किया है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। गिरोह से जुड़े अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। छापेमारी दल में एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार, एसडीपीओ पाकुड़ कुमार गौरव, पुलिस निरीक्षक अनुप रोशन भेंगरा, हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, नगर व मुफस्सिल थाना सहित विभिन्न ओपी के प्रभारी, तकनीकी शाखा के अरविंद कुमार राय, आरक्षी सूरज मुर्मू व रोहित कुमार साहा सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Tags - Pakur police inter-state gang crusher plant robbery weapons seized Jharkhand news crime news pakur news