logo

हजारीबाग में पत्रकारों से अभद्रता मामले में नगर आयुक्त के खिलाफ 1 दिवसीय धरना

हजारीबाग में पत्रकारों से अभद्रता मामले में नगर आयुक्त के खिलाफ 1 दिवसीय धरना

हजारीबाग:

हजारीबाग प्रेस क्लब के पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर हजारीबाग के लोगों में आक्रोश देखने को मिला है। पत्रकारों के द्वारा आहूत 1 दिवसीय धरने में समाज के विभिन्न तबकों का समर्थन मिला है। दरअसल 2 दिन पूर्व हजारीबाग नगर निगम के नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता के द्वारा प्रेस क्लब परिसर में आकर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह पर किए गए टिप्पणी को लेकर पत्रकारों में आक्रोश है। निगम के पदाधिकारी ने क्लब से जुड़े हुए दस्तावेज की मांग की गई थी। आरोप है कि इस दौरान अभद्र भाषा का उपयोग किया गया था। आरोप है कि निगम के पदाधिकारियों ने क्लब परिसर में पुलिस को बुला लिया था। घटना को लेकर पत्रकारों में भारी आक्रोश है। 

शाम को 6 बजे दस्तावेज मांगना अनुचित
पत्रकारों का कहना है कि अगर दस्तावेज की मांग करनी चाहिए थी तो वह नियमानुसार शाम के 6:00 बजे के बाद अचानक दस्तावेज की मांग करना अनुचित है। दस्तावेज मांगने का भी तरीका गलत था। दरअसल, हजारीबाग नगर निगम की कार्यशैली को लेकर बीते मंगलवार को पत्रकारों द्वारा खबर प्रकाशित की गई थी, जिसमें छठ महापर्व के अवसर पर स्टोन डस्ट गिराने की टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। टेंडर प्रक्रिया और निर्धारित समयावधि को लेकर पत्रकारों ने जनहित में कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए थे। 

टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाने से भड़के अधिकारी
आरोप है कि इसी खबर से नाराज होकर नगर आयुक्त हजारीबाग प्रेस क्लब पहुंचे और पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस घटना के बाद पत्रकारों के साथ-साथ आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में भी भारी नाराजगी देखी जा रही है।

राजनीतिक-सामाजिक लोगों का समर्थन मिला
इस दौरान सभी राजनीतिक व सामाजिक दल के लोगों ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पत्रकारों की आवाज दबाने और उन्हें डराने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जनहित के मुद्दों को उठाना और सरकारी विभागों की कार्यशैली पर सवाल करना पत्रकारों का संवैधानिक एवं सामाजिक दायित्व है। ऐसे में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना बेहद निंदनीय हैष

धरना-प्रदर्शन के उपरांत हजारीबाग उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया .
 

Tags - Jharkhand NewsHazaribagh Press ClubHazaribagh Municipal CorporationJharkhand Update