logo

28 को सरकार की पहली वर्षगांठ पर सीएम बांटेंगे लगभग 10 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र

morhabadii.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल 28 नवंबर को पूरा हो रहा है। इस उपलक्ष्य में 28 नवंबर को ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। दिन के 12 बजे से आयोजित समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। इस समारोह के सम्मानित अतिथियों में केवल राज्य सरकार के मंत्री होंगे। उनमें वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, कृषि पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के अलावा झामुमो कोटे के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, योगेंद्र प्रसाद, दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन और चमरा लिंडा शामिल हैं।


राज्यस्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 10 हजार युवाओं के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। इनमें लगभग 8000 सहायक आचार्य, कीट पालक, पुलिस उपाधीक्षक, राज्य कर पदाधिकारी, कारा अधीक्षक, झारखंड शिक्षा सेवा के चयनित अधिकारियों के अलावा कई अन्य पदों के सफल अभ्यर्थी शामिल हैं। राजस्तरीय समारोह को सफल बनाने के लिए रांची डीसी को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। डीसी मंजूनाथ भजंत्री तैयारी की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। मोरहाबादी मैदान में बन रहे पंडाल और मंच का लगातार जायजा लेने के अलावा यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।

Tags - Jharkhand Hemant Soren government November 28 first anniversary Morabadi ground state-level function appointment letters to 10000 youth