रांची
स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड द्वारा शनिवार को कांके डैम परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया. अभियान में कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, वार्तावॉक्स संस्था तथा शारदा ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसएलसी की अध्यक्षा पूनम जैन एवं एनएमएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रभात राम उपस्थित रहे. उन्होंने अभियान में शामिल सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
ग्रामीणों साथ खेला गया मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच
इस दौरान सामुदायिक सौहार्द्र और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कांके डैम मैदान में स्थानीय ग्रामीणों के साथ एक मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया गया. मैच में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम सकारात्मक, उत्साहपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ.
