साहिबगंज:
एनटीपीसी फरक्का–ललमटिया एमजीआर क्षेत्र में आज कोयला रैक के पास अवैध रूप से कोयला निकालने की कोशिश को लेकर विवाद हो गया। बता दें कि कुछ लोगों द्वारा रैक को रोककर उसमें से कोयला निकालने का प्रयास किया जा रहा था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प
सूचना मिलने पर मौके पर सीआरपीएफ के जवान पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने लगे और पथराव शुरू हो गया। इस घटना में ड्यूटी पर तैनात 2 सीआरपीएफ जवान रोशन कुमार और मिथुन दास घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त बल की तैनाती कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की
थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और झड़प में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।