रांचीः
सोमवार की देर रात खबर आई कि रांची पुलिस के साथ मुठभेड़ में पीएलएफआई का एरिया कमांडर विशाल साहू मारा गया है। एसएसपी किशोर कौशल की टीम को यह सफलता मिली है। देर रात करीब 11 बजे ठाकुरगांव थाना अंतर्गत मुरला टोली में रांची पुलिस और पीएलएफआई का एरिया कमांडर विशाल साहू के दस्ते के साथ मुठभेड़ हुई है। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई है। जिसमें एरिया कमांडर विशाल साहू ढ़ेर हुआ है। वहीं, दस्ते के अन्य सदस्यों को भी गोली लगी है। सभी हथियार और हैंडग्रनेड फेंक कर भागे है। फिलहाल पुलिस इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चला रही है। मुठभेड़ में मारा गया विशाल साहू पर करीब 1 दर्जन से ज्यादा मामला दर्ज है।
लेवी लेने आया था
विशाल, बुढ़मू ठाकुर गांव समेत कई इलाके में सक्रिय था। विशाल के दस्ते के बाकी लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। हालांकि झारखंड जगुआर और रांची पुलिस की टीम का सर्च अभियान मंगलवार की सुबह तक जारी था। विशाल अपने दस्ते के साथ ठाकुर गांव में एक व्यवस्यी से लेवी वसूलने सोमवार की रात पहुंचा था। इसकी जानकारी एसएसपी किशोर कौशल को लग गई थी। जिसके बाद टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई। टीम में ठाकुर गांव, बुढ़मू थाना की पुलिस, क्यूआरटी, झारखंड जगुआर शामिल थी। सर्च अभियान के दौरान मुरला टोली में पहले से मौजूद पीएलएफआई उग्रवादियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी गोली चलाई।