द फॉलोअल, रांची
एसआईआर के क्रम में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न कैटेगरी के 63.24 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा। इनमें तार्किक विसंगति वाले 45.55 लाख, नौ मैपिंग वाले 14.03 लाख, जनांकिकीय सम प्रविष्टि वाले 3.65 लाख मतदाताओं के नाम हैं। ऐसे मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नोटिस का जवाब देना होगा। जवाब से संतुष्ट होने के बाद उनका अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल हो सकेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार मतदाताओं द्वारा भरे गए इन्यूमरेशन फॉर्म की जांच प्रक्रियाधीन है। उक्त क्रम में यदि ईआरओ स्तर पर किसी मतदाता की पात्रता में संदेह आने पर उन्हें नोटिस जारी की जा सकती है। इसके साथ-साथ फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 द्वारा प्राप्त आवेदनों पर नोटिस एवं वेरिफिकेशन की प्रक्रिया की जाएगी।

दूसरी ओर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार द्वारा आज राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की समीक्षा बैठक की गयी। इसमें दावा-आपत्ति के क्रम में अतिरिक्त सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी नियुक्त करने हेतु जिलों में कार्यरत सक्षम पदाधिकारियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। नो-मैप एवं तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं के मामलों की ससमय सुनवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। ड्राफ्ट सूची में नो-मैप अथवा तार्किक विसंगति वाले किसी भी मतदाता का नाम नोटिस एवं सुनवाई के बिना नहीं हटाया जाएगा। सीईओ ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिन पात्र भारतीय नागरिकों का नाम शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 एवं घोषणा-पत्र भरकर अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य शामिल कराएं।
.jpeg)