द फॉलोअप डेस्क
राष्ट्रीय हरितअधिकरण (NGT) द्वारा नदियों से बालू उठाने पर रोक के बावजूद, जामताड़ा जिले में अवैध बालू खनन का सिलसिला जारी है। बुधवार को गोपालपुर पंचायत के गोपालपुर अजय नदी घाट पर हुई एक घटना इस बात का उदाहरण है। यहां, अवैध रूप से बालू लोड कर रहे दो ट्रैक्टर नदी में पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए। यह घटना बुधवार को अजय नदी घाट पर हुई, जहां कुछ ट्रैक्टर चालक अवैध रूप से बालू लोड कर रहे थे। अचानक, नदी में पानी का तेज बहाव आया, जिसके कारण दोनों ट्रैक्टर बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रैक्टरों को नदी से निकालने के लिए तुरंत व्हीकल क्रेन को बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद, क्रेन की मदद से दोनों ट्रैक्टरों को नदी से बाहर निकाला जा सका। इस घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा लग गया।
