द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में पहुंचीं AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा कि संघर्ष कर रहे छात्रों के साथ वह खड़ी हैं। उन्होंने JPSC की परीक्षा व्यवस्था को सुचारु करने की मांग करते हुए कहा कि JPSC PT परीक्षा को रद्द कर नई परीक्षा तिथि तय की जानी चाहिए। साथ ही JSSC CGL में हुए कथित घोटाले को लेकर भी परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। नेहा बोरा ने कहा कि JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की CBI जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

प्राइवेट एजेंसियों को परीक्षा व्यवस्था से बाहर करने की मांग
नेहा बोरा ने कहा कि जिन लोगों की जिम्मेदारी छात्रों की परीक्षा पारदर्शी तरीके से कराने की है, वही जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राज्यों में ब्लैकलिस्ट की जा चुकी प्राइवेट एजेंसियों से भी परीक्षाएं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हर परीक्षा सरकारी व्यवस्था के तहत होनी चाहिए और भ्रष्टाचार होने पर सीधे सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। नेहा बोरा ने प्राइवेट एजेंसियों को परीक्षा व्यवस्था से हटाने की मांग करते हुए कहा कि ये एजेंसियां देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने छात्रों के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए देशभर के छात्रों से झारखंड के आंदोलन से प्रेरणा लेने और छात्रों के समर्थन में झारखंड आने की अपील की।