logo

सांसद अरुण सिंह ने बालू, खनन और सूर्या हांसदा के मामले में राज्य सरकार को घेरा, गिनाए GST 2.0 के फायदे

awv46.jpg

द फॉलोअप डेस्क
BJP के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद अरुण सिंह आज रांची पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड आज भ्रष्टाचार, घोटालों और नक्सलवाद की गिरफ्त में है, और इसके लिए पूरी तरह से मौजूदा सरकार जिम्मेदार है।
अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य में शराब घोटाला, बिजली घोटाला और अवैध खनन खुलेआम हो रहे हैं। उन्होंने कहा, "माइनिंग धंस रही है और माफिया सरकार के संरक्षण में करोड़ों कमा रहे हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जो पैसा आया था, वह जमीन पर कहीं नजर नहीं आ रहा। इसके अलावा रोजगार योजनाओं में धांधली हो रही है और महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना में ठगा जा रहा है।
सूर्या हांसदा एनकाउंटर के मुद्दे पर अरुण सिंह ने कहा कि यह मामला गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने सरकार से यह जानने की मांग की कि सूर्या हांसदा को किस परिस्थिति में मारा गया। इसे "जंगलराज" की परिभाषा बताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। भाजपा इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी। प्रेस वार्ता के दौरान अरुण सिंह ने यह भी घोषणा की कि भाजपा 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक "स्वदेशी अपनाओ अभियान" पूरे देश में चलाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि वे विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं, जिससे भारत और भी मजबूत होगा।
अरुण सिंह ने जीएसटी की नई दरों पर भी बयान दिया, जिसमें केंद्र सरकार ने जनता को बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि अब कई उपकरणों पर टैक्स घटा दिया गया है, यहां तक कि छात्रों की कॉपी-किताबें भी सस्ती हो गई हैं। साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण झारखंड में ISIS जैसे संगठनों के कनेक्शन बढ़ रहे हैं और दानिश जैसे आतंकी यहीं से पकड़े जा रहे हैं।


 

Tags - BJP Arun Singh news Arun Singh news BJP latest jharkhand News BJP vs JMM latest updates Latest updates Arun Singh updates latest Arun Singh updates latest Jharkhand News jharkhand updates jharkhand News in hindi