logo

मूलवासी सदान मोर्चा ने की बैठक, कहा- विधानसभा चुनाव में हक औऱ सम्मान की शर्त पर देंगे समर्थन 

news1018.jpg

रांची 

मूलवासी सदान मोर्चा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक की। इस दौरान नेताओं ने कहा कि राज्य के निर्माण के 24 साल पूरे होने वाले हैं। लेकिन इन ढाई दशकों के बाद भी झारखंड के मूलवासी सदानों को उनका हक और अधिकार व सम्मान नहीं मिला। मूलवासी सदान मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि झारखंड के सभी राजनीतिक दलों ने राज्य में बारी-बारी से शासन किया। आदिवासी और मूलवासी सदानों के विकास को लेकर बड़ी बड़ी बातें कही। मुख्यमंत्रियों ने घोषणाएं की, लेकिन एक विशेष वर्ग को छोड़कर मूलवासी सदानों के सर्वांगीण विकास के लिए कोई नीति, रीति और योजना नहीं बनाई। इसे विधानसभा चुनाव में मुद्दा बनाया जायेगा। 


राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में मूलवासी सदान समुदायों की जितनी आबादी है उसी के हिसाब से भागीदारी मिले। डॉ युगेश प्रजापति ने कहा कि यदि चुनाव लड़नेवाले राजनीतिक दल मूलवासी सदानों के हक, अधिकार और सम्मान के लिए अपना एजेंडा, योजना और कार्यसूची में कोई दृष्टिकोण नहीं पेश करेंगे तो सदान भी चुनाव में अपना फैसला स्वतंत्र रूप से लेने को बाध्य होंगे। प्रोफेसर अरविंद प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय दलों को वैसे सदानी नेताओं को पार्टी का टिकट देना चाहिए जो अलग झारखंड राज्य के लिए संघर्ष करते रहे। स्थानीय एवं नियोजन नीति के लिए लगातार लड़ते रहे। 65 प्रतिशत सदानी जनता के लिए आवाज उठाते रहे।

बैठक में डॉ संजय सारंगी, अमित साहू विशाल सिंह, विशाल कुमार साहू, मोहित कुमार, मुकेश सिंह, मुरारी गुप्ता, राजू पासवान, राज वर्मा, अंकित राम अर्पित राम, निखिल, सहदेव साहू, आलोक वर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


 

Tags - Moolwasi Sadan Morcha assembly elections Jharkhand News News Jharkhand