logo

Ranchi : 29 जुलाई से शुरू हो रहा है झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र

a179.jpg

डेस्क: 

झारखंड विधानसभा (Jharkhand Legislative Assembly) का मानसून सत्र (Monsoon Session)  29 जुलाई से शुरू होगा। मानसून सत्र 5 अगस्त तक चलेगा। मानसून सत्र का पूरा कार्यदिवस 6 दिनों का होगा जिसमें 1 जुलाई को सरकार चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए पहला अनुपूरक बजट पेश करेगी। 2 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी और उसी दिन ये पास भी हो जायेगा।

जानकारी के मुताबिक विनियोग विधेयक भी पास होगा। गौरतलब है कि राजभवन से इस आशय का पत्र भी जारी किया गया है जिसमें राज्यपाल द्वारा झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आहूत करने की जानकारी दी गई है। वैसे सत्र हंगामेदार रहने की आशंका है। 

1 से 5 अगस्त तक प्रश्नकाल होगा
मिली जानकारी के मुताबिक मानसून सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेश बैस (Governor Ramesh Bais) द्वारा प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रतियां सदन के पटल में रखी जाएंगी। 1 अगस्त से 5 अगस्त तक 11 बजे से प्रश्नकाल होगा। 3 से 5 अगस्त तक भोजनावकाश के बाद राजकीय विधेयक पेश होंगे। इसके अलावा बाकी राजकीय कार्य निपटाये जाएंगे। विधानसभा सचिवालय ने मानसून सत्र का औपबंधिक कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सत्र को लेकर संसदीय कार्य विभाग और विधानसभा सचिवालय की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसमें कई अहम विधेयक पेश होने के भी आसार हैं। 

हंगामेदार रह सकता है मानसून सत्र 
गौरतलब है कि मानसून सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ चल रहा खनन पट्टा लीज का मामला उठ सकता है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के खिलाफ जारी ईडी की कार्रवाई को लेकर भी विपक्ष सदन में हंगामा कर सकता है। चूंकि मानसून है तो खेती किसानी से जुड़े मुद्दे भी उठेंगे, इसकी संभावना है। हालांकि, हालिया घटनाक्रम इस बात के भी संकेत देता है कि मानसून सत्र में विपक्ष सरकार पर कम हमलावर दिखे। कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठेगा।