गोड्डा
कांके के विधायक सुरेश कुमार बैठा ने सोमवार को गोड्डा कॉलेज परिसर स्थित अनुसूचित जाति छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से बातचीत की। बातचीत में सामने आया कि छात्रावास की हालत बेहद खराब हो चुकी है और छात्र कठिन हालात में रहने को मजबूर हैं।
विधायक बैठा ने इस स्थिति पर चिंता जताई और दलित छात्रों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने मौके से ही उपायुक्त को फोन कर नए छात्रावास के निर्माण को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वंचित तबकों के बच्चों को भी सुरक्षित, सम्मानजनक और अनुकूल वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार मिलना चाहिए। यह हमारा संकल्प है।
गौरतलब है कि सुरेश बैठा कांग्रेस पार्टी से कांके विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वर्तमान में उन्हें पार्टी की ओर से गोड्डा जिले का प्रभार सौंपा गया है।
