logo

रांची लौटे सत्ताधारी दल के विधायक, कल फ्लोर टेस्ट में होंगे शामिल

a944.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड के सत्ताधारी दल के विधायक रांची पहुंच गये हैं। आज देर शाम तकरीबन 7:30 बजे विधायकों ने विशेष चार्टेड प्लेन से हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से रांची के बिरसा मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरी थी। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद सभी 38 विधायक उनके लिए खास तौर पर बाहर खड़ी वातानुकूलित बस में सवार हुए और सर्किट हाउस के लिए प्रस्थान कर गये। विधायकों को आज रात सर्किट हाउस में ही रूकना है। कल यहीं से विधायक, फ्लोर टेस्ट के लिए विधानसभा भवन जाएंगे। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक हैदराबाद गये थे। कल रांची में राहुल गांधी की न्याय यात्रा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कांग्रेसी विधायक राहुल गांधी की शहीद मैदान में आयोजित सभा में हिस्सा लेंगे या नहीं। 

सत्तापक्ष के पास 47 विधायकों का समर्थन
सत्तापक्ष का दावा है कि उनके पास कुल 47 विधायकों का समर्थन है। इनमें से 43 विधायकों के हस्ताक्षर वाला समर्थन पत्र 31 जनवरी की देर शाम ही विधायक दल का नेता चुने गये चंपई सोरेन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को सौंपा था। 1 फरवरी की शाम को सत्तापक्ष के विधायकों को हैदराबाद भेजने की कवायद की गई थी लेकिन उस दिन फॉग की वजह से प्लेन को उड़ान भरने की परमिशन नहीं मिली। आखिरकार, 2 फरवरी की दोपहर को शपथ ग्रहण के बाद विधायकों को हैदराबाद ले जाया गया। विधायक, हैदराबाद के लिओनिया हॉलिस्टिक डेस्टिनेशन रिजॉर्ट में रूके थे। गौरतलब है कि कल विधानसभा में चंपई सोरेन को बहुमत साबित करना है। उन्होंने राज्यपाल के सामने विधायकों की परेड कराने की पेशकश की थी लेकिन राज्यपाल ने विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा। इधर, झामुमो विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने कहा है कि वो चंपई सोरेन सरकार के समर्थन में वोटिंग करेंगे लेकिन उनकी कुछ शर्तें हैं। यदि वह नहीं मानी गई तो वे भविष्य में अपनी राहें अलग कर लेंगे। 
 

मुख्यमंत्री भी फ्लोर टेस्ट में शामिल होंगे
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी फ्लोर टेस्ट में शामिल होने की अनुमति कोर्ट से मिली है। उनको कल पुलिस की निगरानी में विधानसभा भवन ले जाया जायेगा। कोर्ट ने उनको मीडिया से बात नहीं करने को कहा है। हेमंत सोरेन अभी जमीन घोटाला केस के सिलसिले में ईडी की हिरासत में हैं।