logo

Dhanbad : बराकर नदी में हुई नाव दुर्घटना के लिए हेमंत सरकार जिम्मेदार, विधायक अपर्णा सेनगुप्ता ने लगाया आरोप

बराकर नदी में हुई नाव दुर्घटना के लिए हेमंत सरकार जिम्मेदार, विधायक अपर्णा सेनगुप्ता ने लगाया आरोप

धनबाद: 
बराकर नदी पर नाव दुर्घटना का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को निरसा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता ने विधानसभा भवन के मुख्य द्वार पर धरना दिया। उन्होंने दुर्घटना को लेकर हेमंत सरकार की आलोचना की। कहा कि यदि सरकार ईमानदारी से काम करती। अधूर पड़े बरबेंदिया पुल का निर्माण सही समय पर करवाती तो इतनी बड़ी दुर्घटना नहीं होती। 

सरकारी उदासीनता का नतीजा
अपर्णा सेनगुप्ता ने आरोप लगाया कि नाव दुर्घटना सरकार और प्रशासनिक उदासीनता का नतीजा है। विधायक ने कहा कि यदि सही समय पर संज्ञान लेकर पुल का निर्माण कार्य पूरा करवा लिया जाता तो दर्जनों परिवारों में मातम नहीं होता। उन्होंने कहा कि घटना की पूरी जवाबदेही हेमंत सरकार की है। विधायक अपर्णा सेनगुप्ता ने कहा कि वो कई बार पुल निर्माण की मांग कर चुकी हैं। कई बार सदन में पुल के निर्माण में हुए घोटाले की जांच की मांग कर चुकी हैं लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। 

राहत और बचाव कार्य जारी
निरसा विधायक ने कहा कि पुल नहीं होने की वजह से लोगों ने जामताड़ा जाने के लिए देर शाम नाव का सहारा लिया। मौसम खराब था। इसी बीच नाव निरसा-जामताड़ा के बीच नदी में पलट गई। इसमें दर्जनों लोग सवार थे।

अब तक बड़ी संख्या में लोगों का पता नहीं चल सका है। जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी है। इधर नाव में सवार लोगों की जानकारी देने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (धनबाद), अनुमंडल पदाधिकारी (निरसा) औऱ अंचलाधिकारी (निरसा) का नंबर जारी किया गया है।