द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड सरकार में श्रम एवं उद्योग मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने पटना में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और बिहार के नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की है। सत्यानंद भोक्ता के साथ उनके बेटे विनोद भोक्ता भी मौजूद थे। आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन दल के सभी पार्टियों का अपना-अपना दावा है। सीट बंटवारे पर अब तक सहमति नहीं बन पाई है लेकिन इतना साफ है कि राजद, झामुमो और कांग्रेस इंडिया एलायंस के साथ ही झारखंड में विधानसभा का चुनाव लड़ेगा। 2019 के विधानसभा चुनाव में राजद 7 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा था। इनमें गोड्डा, कोडरमा, देवघर, छतरपुर, हुसैनाबाद, चतरा व विश्रामपुर सीट शामिल थी। जिसमें सिर्फ एक सीट चतरा पर जीत हासिल हुई थी। इस सीट से जीतने के बाद गठबंधन की सरकार में सत्यानंद भोक्ता को मंत्री बनाया गया था। इस बार राजद कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगा ये अब तक साफ नहीं हुआ है।
पटना में लालू प्रसाद यादव से मंत्री सत्यानंद भोक्ता की मुलाकात के एक और मायने निकाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सत्यानंद भोक्ता पहले जिस सीट से जीत कर आते थे वह SC रिजर्व सीट है। लेकिन अब भोक्ता जाति को ST में शामिल कर दिया गया है। ऐसे में इस बार वह चतरा सीट से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। चर्चा यह है कि सत्यानंद भोक्ता इस सीट से अपनी बहू को चुनाव लड़ाना चाहते हैं और खुद किसी और सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। जानकारी के अनुसार लालू यादव और तेजस्वी से सत्यानंद भोक्ता ने इस मसले पर भी बात की है लेकिन क्या आश्वासन मिला है ये अब तक साफ नहीं हो पाया है। सत्यानंद भोक्ता के बेटे विनोद भोक्ता ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा है - "आज पटना में राष्ट्रीय जनता दल राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री गरीबों के मसीहा आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री हमारे नेता आदरणीय तेजस्वी प्रसाद यादव जी से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया"