द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों की सुनवाई के क्रम में आम लोगों की परेशानी काफी बढ़ गयी है। एक ही परिवार के अलग अलग मतदाताओं को अलग अलग तिथि को सुनवाई के लिए बुलाए जाने और कतिपय दस्तावेजों की मांग को लेकर उलझन और तनावपूर्ण स्थिति भी है। पूरे दिन भर का समय सुनवाई की प्रक्रिया में गुजर रहा है। बूथ से लेकर सुनवाई स्थल तक भीड़ और आक्रोश देखा जा रहा है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही सूचनाओं के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने आज रांची जिले के हटिया, कांके, रांची, मांडर, खिजरी, तमाड़ एवं सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) के साथ निर्वाचन सदन सभागार में समीक्षा-सह-शंका निवारण सत्र आयोजित किया।
.jpeg)
मतदाताओं की परेशानी कम करने का निर्देश
उन्होंने कहा कि सुनवाई के दौरान मतदाताओं को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए टोकन सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। साथ ही, वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं, गर्भवती महिलाओं तथा छोटे बच्चों के साथ आने वाले महिला मतदाताओं को सुनवाई के दौरान प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने जनजातीय समूह के मतदाताओं के दस्तावेज संबंधी सुनवाई हेतु विशेष ध्यान रखते हुए उनके सरकारी कार्यालयों में पहले से उपलब्ध अभिलेखों का इस्तेमाल करते हुए हर संभव सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का नियमानुसार एवं निष्पक्षता के साथ परीक्षण किया जाए तथा सुनवाई एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में एकरूपता सुनिश्चित की जाए।

युवाओं को मतदाता बनाने पर जोर
रवि कुमार ने जिले में वैसे मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया जहां शून्य अथवा 1 से 5 की संख्या में फॉर्म 6 प्राप्त हुए है। उन्होंने कहा कि इस हेतु युवा पात्र भारतीय नागरिकों को प्रेरित करते हुए उन्हें मतदाता सूची में जोड़ने का हर संभव प्रयास करें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि SIR का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र अथवा विदेशी नागरिक मतदाता सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य के अनुरूप दावा-आपत्ति एवं सुनवाई की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के तहत संपादित की जानी है। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित रांची जिले के संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के ERO एवं AERO उपस्थित रहे।
.jpeg)