द फॉलोअप डेस्क
गुमला के भरनो प्रखंड के मोरगांव पतरा में जंगली हाथी देखने पहुंचे एक ग्रामीण को हाथी ने कुचल कर मार डाला। घटना शुक्रवार शाम की है। वन विभाग के सहयोग से पुलिस ने घायल अवस्था में घटना स्थल से वृद्ध को उठाकर भरनो अस्पताल पहुंचाया, परंतु रास्ते में उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।.jpeg)
मृतक मोरगांव निवासी 55 वर्षीय ललकू उरांव बताया जा रहा है। बीते रात से ही 18 जंगली हाथियों का झुंड, मोरगांव पतरा में डेरा जमाये हुए है। झुंड में हाथी के 2 छोटे बच्चे भी हैं। गुमला डीएफओ के निर्देश पर सुबह से ही वन विभाग की टीम मोरगांव स्थित पतरा पहुंची हुई है। लोगो को हाथियों से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रभारी वनपाल राकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही हैं, ताकि कोई घटना ना हो। गुमला और रायडीह से क्यूआरटी टीम को भी बुला लिया गया है। वहीं वन विभाग द्वारा ड्रोन से हाथियों पर नजर रखी जा रही है। इधर वृद्ध की मौत के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।