द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह नगर निगम चुनाव के बाद सोमवार को नवनिर्वाचित महापौर और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। गिरिडीह समाहरणालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त मनोज कुमार ने नवनिर्वाचित महापौर पर्मिला मेहरा और नगर निगम के 36 वार्डों से निर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। महापौर पर्मिला मेहरा ने शपथ लेकर आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाला, वहीं सभी पार्षदों ने भी शपथ लेकर अपने-अपने पद की जिम्मेदारी ग्रहण की। समारोह में गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से शहर के विकास और बेहतर नगर व्यवस्था के लिए मिलकर काम करने की अपील की गई।

इसी क्रम में गिरिडीह नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए हुए चुनाव में सुमित कुमार निर्विरोध चुने गए। उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें सुमित कुमार के अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके बाद उन्हें निर्विरोध उपमहापौर घोषित कर दिया गया। उपमहापौर निर्वाचित होने के बाद सुमित कुमार को अधिकारियों, पार्षदों और समर्थकों ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि शहर के विकास, साफ-सफाई, जलापूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए महापौर और सभी पार्षदों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। साथ ही नगर निगम क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उनके निर्विरोध चुने जाने पर समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया।