logo

पति ने मेला जाने की जिद की तो पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान, मासूम से छिन गई मां

a845.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, बोकारो:

झारखंड में 22 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान 22 वर्षीय बसंती देवी के रूप में की गई है। बसंती अपने पीछे पति संजय यादव और 1.5 वर्षीय मासूम बच्ची को छोड़ गई है। मामला बोकारो जिला के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत गोमिया थानाक्षेत्र के तुलबुल पंचायत का है। यहां, बिरसा बस्ती में बसंती अपने पति और बेटी के साथ रहती थी। समाचार लिखे जाने तक शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नहीं भेजा गया था। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही थी।

पति के मेला जाने की जिद से नाराज थी! 
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, आरंभिक जानकारी में पता चला है कि बसंती संभवत पति के मेला जाने की जिद से नाराज थी। दरअसल, मृतका के पति संजय यादव ने पुलिस को बताया कि वह देवीपुर स्थित चंडी मेला घूमने जाना चाहता था लेकिन पत्नी मना कर रही थी। इसी बात को लेकर उसका पत्नी से थोड़ा विवाद हुआ था। इसी दौरान वह शौच के लिए बाहर चला गया। जब घर लौटा तो पत्नी आंगन में नहीं थी। उसने कमरे में झांककर देखा तो बसंती फंदे से झूलती हुई मिली। 

पड़ोसियों ने घटना को लेकर क्या बताया
इधर,बसंती की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन चतरा से बेरमो स्थित ससुराल पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति से पूछताछ की। पड़ोसियों ने बताया कि बसंती 1.5 वर्षीय मासूम बेटी की मां थी। अब बच्ची के सामने परवरिश का संकट पैदा हो गया है।