द फॉलोअप, जामताड़ा:
Jharkhand News: जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे (Govindpur Sahibganj Highway) पर मोहनपुर के समीप मंगलवार को चांदनी नाम के एक बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर (Bus Truck Collision) हो गई। इस सड़क हादसे में बस में सवार यात्री घायल (Passenger injured) हो गए हैं। जानकारी के अनुसार आठ यात्री घायल हुए इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल (Jamtara Sadar Hospital) रेफर किया गया है। हादसे के कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांदनी नामक यात्री बस धनबाद से दुमका की ओर जा रही थी। इसी दौरान मोहनपुर के पास विपरीत दिशा यानी जामताड़ा की ओर से धनबाद जा रहे एक ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई।
.jpeg)
बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा और भीतर बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार (Shout scream) मच गई। अचानक हुए इस हादसे से यात्री सहम गए और अपनी सुरक्षा को लेकर इधर-उधर भागने व संभलने की कोशिश करने लगे। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। गनीमत रही कि बाकी यात्रियों को बड़ी चोट नहीं आई। हादसे में घायल हुए यात्रियों की पहचान कर ली गई है। घायलों में देवलबाड़ी गांव निवासी 65 वर्षीय विनोद दास, धनबाद निवासी तीन वर्षीय बच्ची मानसीका सिन्हा, देवलबाड़ी निवासी करुणा देवी, सोनाराठाढ़ी निवासी मुंताज अंसारी, दुमका निवासी मरियम मुर्मू, पालोजोरी निवासी दिवाकर भंडारी और असमा देवघर निवासी अमित शर्मा शामिल हैं।

ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना (Narayanpur Police Station) प्रभारी राजीव रंजन पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस (Jamtara Police) ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल नारायणपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया। प्राथमिक इलाज के दौरान सोनाराठाढ़ी निवासी मुंताज अंसारी और पालोजोरी निवासी दिवाकर भंडारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर चिकित्सीय सुविधा के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन (Investigation of the matter) में जुटी है।