जमशेदपुर:
Jamsedpur News: टाटा समूह में शीर्ष स्तर पर बड़े बदलाव की घोषणा की गई है। टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) टीवी नरेंद्रन को टाटा इंटरनेशनल का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वह नोएल नवल टाटा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी नियुक्ति 12 नवंबर से प्रभावी होगी। इस बदलाव के साथ टाटा समूह की कई प्रमुख कंपनियों के बोर्ड और नेतृत्व संरचना में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। टीवी नरेंद्रन टाटा स्टील में एक दशक से अधिक समय से नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें वैश्विक कारोबार, विनिर्माण और औद्योगिक प्रबंधन का व्यापक अनुभव है। टाटा इंटरनेशनल का चेयरमैन बनाए जाने के साथ समूह में उनकी जिम्मेदारी का दायरा और बढ़ गया है। टाटा समूह की नई व्यवस्था के तहत नरेंद्रन अंतरराष्ट्रीय कारोबार से जुड़ी कंपनी का नेतृत्व करेंगे।

नोएल टाटा छह कंपनियों के बोर्ड से होंगे अलग
नई व्यवस्था के तहत नोएल टाटा टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन और टाटा संस के बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक बने रहेंगे। हालांकि, वह टाटा स्टील, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स के बोर्ड से अलग होंगे। इसके अलावा टाटा इंटरनेशनल और टाइटन कंपनी के गैर-कार्यकारी उपाध्यक्ष पद से भी उनकी विदाई होगी। समूह में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें 12 नवंबर से चेयरमैन एमेरिटस नियुक्त किया गया है।

70 वर्ष की आयु सीमा के कारण बदलाव
दरअसल, नोएल नवल टाटा 12 नवंबर को 70 वर्ष के हो रहे हैं। टाटा समूह की आंतरिक कॉरपोरेट गवर्नेंस नीति के तहत गैर-कार्यकारी और गैर-स्वतंत्र निदेशकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित है, जबकि कार्यकारी निदेशकों के लिए यह सीमा 65 वर्ष है। इसी नियम के तहत नोएल टाटा समूह की छह कंपनियों से अलग हो रहे हैं। हालांकि, टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस में उनकी भूमिका बरकरार रहेगी।टाटा समूह की कंपनी वोल्टास ने भी प्रबंध निदेशक पद के लिए उत्तराधिकार योजना तय कर दी है। वर्तमान प्रबंध निदेशक मुकुंदन मेनन सीपी का कार्यकाल 24 मई 2027 को समाप्त होगा। इसके बाद वह सेवानिवृत्त हो जाएंगे। उनकी जगह रूम एयर कंडीशनर (एसी) बिजनेस के प्रमुख जयंत बालन को मैनेजिंग डायरेक्टर-डिजिग्नेट नियुक्त किया गया है। उन्हें 25 मई 2027 से पांच वर्षों के लिए अतिरिक्त निदेशक एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
ट्रेंट और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन को नया चेयरमैन
लॉ फर्म एजेबी एंड पार्टनर्स के सह-संस्थापक भर्राम वकील को ट्रेंट का नया चेयरमैन बनाया गया है। वह टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इस नियुक्ति के साथ समूह की इन दोनों कंपनियों में नेतृत्व की नई व्यवस्था लागू होगी। सुनील डिसूजा को टाटा केमिकल्स का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वह 12 नवंबर से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। वर्तमान में वह टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) हैं। टाटा केमिकल्स के मौजूदा चेयरमैन एस. पद्मनाभन 24 मई 2027 को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। इसके बाद डिसूजा औपचारिक रूप से कंपनी की कमान संभालेंगे।
नेतृत्व परिवर्तन और उत्तराधिकार की नई रणनीति
टाटा समूह में एक साथ हो रहे इन बदलावों को नेतृत्व के उत्तराधिकार, कॉरपोरेट गवर्नेंस और प्रबंधन में पीढ़ीगत परिवर्तन की प्रक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। समूह ने निर्धारित आयु सीमा और आंतरिक नियमों का पालन करते हुए वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया है। इसके साथ ही विभिन्न कंपनियों में नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने और प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।