रांची:
रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी का बागवानी और कृषि के ओर लगाव किसी से छुपा नहीं है। कोरोना काल में उन्होंने रांची स्थित अपने फार्म हाउस में ऑर्गेनिक खेती करके सबको चौंका दिया था। अब एक बार फिर वो कृषि के क्षेत्र में कुछ बड़ा करने की प्लानिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को महेंद्र सिंह धोनी गुमला जिला के मुरगू गांव गये थे। जहां उन्होंने खेत का मुआयना किया। उम्मीद जताई जा रही है कि धोनी जल्द ही वहां जमीन लेने वाले हैं।
मदन सिंह और उनके परिजनों ने किया स्वागत
धोनी शुक्रवार को सड़क मार्ग से मुरगू गांव पहुंचे थे। वहां उनका स्वागत मदन सिंह और उनके परिजनों ने किया। अखबार में छपी एक खबर के अनुसार मदन सिंह ने बताया है कि धोनी मुरगू गांव में जमीन लेने का मन बना रहे हैं। मुरगू पहुंचने पर वे सबसे पहले कोयल नदी से एक किमी दूरी पर स्थित खेत का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि धोनी की आने की खबर गांव में ज्यादा लोगों को नहीं हुई। उनके आने बारे में प्रशासन को कुछ नहीं बताया गया था। माही गांव में करीब 35 मिनट तक रूके। इस दौरान गांव की भौगोलिक बनावट देखी। धोनी अपनी गाड़ी से पहुंचे और गाड़ी से ही खेतों का मुआयना किया। वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ फोटो खिंचवाया। इसके बाद उन्होंने हमारे घर पर खाना खाया फिर सड़क मार्ग से रांची लौट गए।
इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम को दें रहे बढ़ावा
धोनी ने कोरोना काल में इंटीग्रेटेड फार्मिंग सिस्टम (आईएफएस) के तहत ऑर्गेनिक खेती कर सब्जियों के अलावा डेयरी फार्म से दूध और तालाब की मछलियों को बेच कर चर्चा में रहें। वहीं उन्होंने सेहत के फायदेमंद कड़कनाथ मुर्गा की भी फॉर्मिंग भी की थी। जिसे मध्यप्रदेश के झाबुआ के एक आदिवासी किसान विनोद मैडा ने खरीदा था। धोनी खुद इंटीग्रेटेड फार्मिंग कर झारखंड के अलावा देशभर के किसानों को प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराना चाहते हैं और युवाओं का खेती-किसानी और पशुपालन को लेकर नजरिया भी बदलने का इरादा रखते हैं।