द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित कुंबाटोली बस्ती में रविवार देर रात दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद पति ने गुस्से में आकर दोनों की टांगी से हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। घटना लैंप्स कार्यालय के समीप स्थित बस्ती की है। सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली गई है। लोहरदगा के एसपी ने दोहरे हत्याकांड की पुष्टि की है।

फेसबुक के जरिये हुई थी दोनों की पहचान
मृतकों की पहचान सोनू लहेरी की पत्नी पूजा देवी और बिहार के पटना जिले के बाढ़ निवासी बृजभूषण लहेरी के बेटे रोहित लहेरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पूजा और रोहित के बीच फेसबुक के माध्यम से संपर्क हुआ था। धीरे-धीरे दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद दोनों अक्सर मिलने लगे थे। कुछ दिन पहले भी दोनों की मुलाकात रांची में हुई थी। रविवार को रोहित लहेरी पूजा से मिलने के लिए लोहरदगा के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित कुंबाटोली पहुंचा था। देर रात सोनू लहेरी ने घर में दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद वह अपना आपा खो बैठा और गुस्से में टांगी से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पूजा और रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने अपनी पत्नी का सिर धड़ से अलग कर दिया।

दो बच्चों की मां थी पूजा, पहले से प्रेम संबंध की थी जानकारी
बताया जा रहा है कि पूजा देवी दो बच्चों की मां थी। सोनू लहेरी को काफी समय से अपनी पत्नी और रोहित के बीच चल रहे कथित प्रेम प्रसंग की भनक लग गई थी। इस बात को लेकर वह अंदर ही अंदर गुस्से में था। रविवार की रात घर में दोनों को एक साथ देखने के बाद उसका गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि उसने दो लोगों की जान ले ली। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद भंडरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल टांगी भी जब्त कर ली है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी है। हालांकि, पुलिस अभी भी उससे पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। इस घटना ने कुंबाटोली समेत पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।