रांची
सदर अस्पताल के लेप्रोस्कॉपी सर्जरी विभाग ने एक ही मरीज के हर्निया के 2 छेद का सफल ऑपरेशन एक साथ किया। ऑपरेशन में शामिल चिकित्सकों ने बताया कि दोनों छेद एक दूसरे से काफी दूरी पर थे। बताया कि मरीज को रांची से बाहर रेफर कर दिया गया था। वेल्लोर में इस ऑपरेशन के लिए मरीज के परिजनों से 3 लाख रुपये मांगे गये थे। चिकित्सकों ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत मरीज का ऑपरेशन मुफ्त किया गया।

जमशेदपुर की निवासी है मरीज
मिली जानकारी के अनुसार जमशेदपुर की रहने वाली 35 वर्षीय महिला काफी दिनों से पेट दर्द और सूजन को लेकर परेशान थी। जांच करने पर पता चला उन्हें दो हर्निया हैं। एक इंसीजनल Incisional हर्निया दूसरा अंबिलिकल (Umbilical) हर्निया। कहा कि इनसीजनल हर्निया सिजेरियन ऑपरेशन के बाद हुआ था। उसमें आंत के कुछ अंश फंसे हुए थे। इस कराण महिला को तीखा दर्द होता था। चितित्सकों ने बताया कि सभी तरह की जांच करने के बाद ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन लेप्रोस्कोपिक विधि के द्वारा किया गया। इसमें 2 छेद पाए गए। एक छेद में आंत फंसा हुआ था, जिसे छुड़ाकर जाली/Mesh बिछाकर ऑपरेशन किया गया। इस विधि को TAPP विधि कहते हैं।

ऑपरेशन टीम में ये लोग थे शामिल
सदर अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि ऑपरेशन करने वाली टीम में लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉक्टर अजीत कुमार, एनेस्थेटिक डॉ दीपक, ओटी असिस्टेंट संदीप, नंदिनी, शशि और नीरज आदि शामिल थे। वहीं, चिकित्सकों ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में अस्पताल प्रबंधन का विशेष सहयोग मिला।
