logo

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; करंट की अफवाह से मची दहशत

लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; करंट की अफवाह से मची दहशत

द फॉलोअप डेस्क
सावन की तीसरी सोमवारी पर बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोक धाम के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। शुरुआती रिपोर्टों में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई थी। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।


करंट नहीं, भगदड़ से हुई मौत
शुरुआत में 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के गिरने और करंट लगने से मौत की बात सामने आई थी। हालांकि, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि मौतें करंट लगने से नहीं, बल्कि भगदड़ के कारण हुईं। प्रशासन के अनुसार, अशोक धाम हॉल्ट पर दोनों ओर से ट्रेन आने के बाद कुछ युवकों में अचानक भाग-दौड़ शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली का एक पोल गिर गया और मौके पर करंट फैलने की अफवाह से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। प्रशासन का कहना है कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी और तार कवर किया हुआ था। अफवाह के बाद मची भगदड़ में श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गए।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है तथा घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Tags - Lakhisarai News Ashok Dham Bihar News Stampede Sawan Somwari