logo

कोलकाता का व्यवसायी कोडरमा में हुआ लापता, 6 दिनों में नहीं मिला कोई सुराग

BROKER.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
कोलकाता के एक व्यवसायी और शेयर ब्रोकर कोडरमा पहुंचे थे। वहां से वह संदेहास्पद स्थिति में लापता हो गये हैं। व्यवसायी का नाम सुमित दाहिमा है। 6 दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वह 17 मार्च को कोलकाता से कोडरमा पहुंचे थे। परिजन अब अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। घरवालों का कहना है कि सुमित दाहिमा की तिलैया थाना क्षेत्र के शीतला माता मंदिर के पास एक जमीन थी। जिसका सौदा उन्होंने कर दिया था। डोमचांच के रहने वाले राजेश बद्री ने उनकी जमीन खरीदी थी। जिसके बदले में कुछ राशि भी सुमित को दे दी गई थी। बाकी के रकम के एवज में उन्हें राजेश बद्री ने फ्लैट देने का वादा किया था। लगातार 6 महीने से फ्लैट के लिए राजेश की तरफ से टालमटोल किया जा रहा था। इसी मामले को लेकर सुमित 17 मार्च को कोलकाता से कोडरमा पहुंचे थे।

 
17 मार्च को उन्होंने अपने परिजनों को फोन भी किया था और यह बताया कि उनकी तबीयत थोड़ी खराब है। इसके बाद उन्होंने सदर अस्पताल में इलाज भी करवाया। इस आखिरी कॉल के बाद से सुमित की परिजनों से कोई भी बात नहीं हो पाई। इस बीच लगातार दो दिनों तक सुमित के मोबाइल में रिंग बजता रहा लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया।


परिजनों ने पहले कोलकाता में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें उन्हें यह पता चला कि सुमित का लास्ट लोकेशन कोडरमा ही है। इसके बाद उसके परिजन कोडरमा पहुंचे और कोडरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामले को सुलझाने में जुट गई है। एक टीम बनाया गया है। जो लापता व्यवसायी की तलाश करने के साथ पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में पुलिस अब तक कई लोगों से पूछताछ भी कर चुकी है।