logo

खूंटी में जंगली हाथी की मौत, देखने के लिए जुटी ग्रामीणों की भीड़

खूंटी में जंगली हाथी की मौत, देखने के लिए जुटी ग्रामीणों की भीड़

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

खूंटी जिले के रनिया प्रखंड के तेतारी गांव में एक जंगली हाथी की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि बिजली के करंट की चपेट में आने से हाथी की जान गई है। हाथी की मौत की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचने लगे। हाथी को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई ग्रामीण उसके पास जाकर उसे छूकर देखने लगे। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

करंट लगने की आशंका, वन विभाग कर रहा मौत के कारणों की पड़ताल

फिलहाल वन विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। शुरुआती तौर पर बिजली का करंट लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। विभाग की ओर से घटनास्थल का निरीक्षण कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हाथी की मौत के बाद ग्रामीणों में भी चिंता देखी जा रही है। वन्यजीवों की सुरक्षा और बिजली के तारों से होने वाले संभावित खतरे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

झारखंड में लगातार सामने आ रहे हाथियों की मौत के मामले

गौरतलब है कि झारखंड के अलग-अलग जिलों में पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों की मौत की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं हाथियों की जान बिजली के करंट की चपेट में आने से जा रही है, तो कहीं उनकी मौत के पीछे संदिग्ध कारण सामने आ रहे हैं। हाथियों की लगातार हो रही मौत वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से चिंता का विषय बनती जा रही है। ऐसे में रनिया के तेतारी गांव में हुई इस घटना ने एक बार फिर हाथियों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास के आसपास मौजूद खतरों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हाथी की मौत किस वजह से हुई।

Tags - Khunti News Elephant Death Rania News Jharkhand Forest Wildlife News