logo

'तानाशाही ताकतों का किला ध्वस्त हो रहा है', अरविंद केजरीवाल को जमानत पर बोलीं कल्पना

a907.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम बेल पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर तंज किया है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि तानाशाही ताकतों का किला ध्वस्त होना शुरू हो चुका है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान के अनुसार ही चलेगा। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने कथित शराब घोटाला केस में जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 1 जून तक लिए अंतरिम जमानत दी है। इस दौरान केजरीवाल चुनाव प्रचार में हिस्सा ले सकेंगे। उन्हें 2 जून को सरेंडर करना होगा। बता दें अरविंद केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। आज 10 मई तक कुल गिरफ्तारी के बाद 51 दिनों में केजरीवाल 10 दिन ईडी की रिमांड पर रहे। 41 दिन उन्होंने तिहाड़ जेल में बिताए। उनपर दिल्ली शराब नीति में गड़बड़ी का आरोप है। 

कल्पना मुर्मू सोरेन ने सोशल मीडिया में क्या लिखा
अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने के तुरंत बाद कल्पना मुर्मू सोरेन ने अपने पति हेमंत सोरेन के सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि "तानाशाही ताकतों को यह दिखाना है कि देश बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर जी के संविधान के अनुसार ही चलेगा। आज अंतरिम बेल मिलने पर दिल्ली के माननीय मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी को हार्दिक बधाई और जोहार। उनकी संघर्ष की साथी सुनीता जी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी हार्दिक बधाइयां। मैंने पहले ही कहा था तानशाही ताकतों का किला ध्वस्त होना शुरू हो गया है। मैं यह भी कह देना चाहती हूं कि अगर किसी को आदिवासी पसंद नहीं है, किसी को अगर आंख से आंख मिलाकर अपना हक मांगने वाला आदिवासी, दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक अच्छा नहीं लग रहा है तो उन्हें अपनी आदत बदलनी होगी।" 

केंद्र सरकार के खिलाफ कल्पना ने खोला मोर्चा
बता दें कि कल्पना मुर्मू सोरेन पिछले कुछ समय से लगातार हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के साथ-साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ भी बोलती रही हैं। उन्होंने दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की संकल्प महारैली में शामिल होने से पहले अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से भी मुलाकात की थी। कल्पना, तब दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया की पत्नी से भी मिली थीं। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भी कल्पना ने ट्वीट कर बताया था कि उन्होंने उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से बात की है और उनकी हिम्मत बढ़ाई है। 

कल्पना ने पिछले दिनों केंद्रीय एजेंसियों पर क्या कहा
गौरतलब है कि पिछले दिनों इकोनॉमिक्स टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा था कि जांच एजेंसियां यदि हमारे घरों में सामने के दरवाजे से घुसती हैं तो उन्हें बाहर भी उसी रास्ते से जाना चाहिए। कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा था कि ईडी हेमंत सोरेन को राजभवन के पीछे के दरवाजे से ले गई। उन्होंने राजभवन की भूमिका पर भी सवाल उठाये थे। कल्पना मुर्मू सोरेन लगातार हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल सहित विपक्ष के नेताओं पर ईडी सहित अन्य केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित षड्यंत्र बताती रही हैं। 

Tags - Arvind KejriwalKalpana Murmu SorenHemant SorenEDJharkhand News