खूंटी
खूंटी (Khunti) सांसद कालीचरण मुंडा (Kalicharan Munda) आज अड़की प्रखंड के ग्राम चलकद में दक्षिण अड़की के हातु मुंडाओं द्वारा आयोजित महाग्रामसभा (Mahagram Sabha) में शामिल हुए। ग्रामसभा की अध्यक्षता अब्राहम सोय (Abraham Soy) ने की। सभा को संबोधित करते हुए सांसद ने ग्रामसभा को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पांचवीं अनुसूची (Fifth Schedule) क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा को प्राप्त संवैधानिक अधिकारों (Constitutional Rights) एवं शक्तियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और ग्रामसभा को सशक्त बनाने की अपील की।

क्षेत्रीय समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट कराया गया
इस दौरान सांसद ने ग्रामीणों से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामसभा की ओर से प्रशासन के रवैये एवं क्षेत्रीय समस्याओं पर उनका ध्यान आकृष्ट कराया गया। इस पर सांसद ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही संबंधित अधिकारियों से बात कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नईमुद्दीन खान, विल्सन तोपनो, अड़की सांसद प्रतिनिधि प्रकाश मुंडा जोहन मुंडा, मोगो मुंडा, काली सोय जागराय मुंडा, पौलुस हेमरोम , लक्ष्मण टुटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
