logo

JSSC मैट्रिक स्तरीय एग्जाम 29 सितंबर को, परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी 

JSSCKARYALAY2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित मैट्रिक स्तरीय परीक्षा 29 सितंबर को होगी। यह परीक्षा रांची के बूंटी स्थित आरटीसी उच्च विद्यालय हिन्दी मिडियम, पी.एच.ई.डी में आयोजित की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा 3 पाली में होनी है। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक होगी। दूसरी पाली 11:30 बजे से 01:30 तक होगी। वहीं तीसरी पाली 3 बजे से शाम के 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त वातावरण बनाने और विधि-व्यवस्था के लिए उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक पुलिस बल और पदाधिकारियों की तैनाती करेंगे। परीक्षा में संलग्न छात्र, उनके अभिभावक अथवा असामाजिक तत्व परीक्षा केन्द्रों पर भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने की चेष्टा कर सकते हैं। इस आशंका के मद्देनजर अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर, रांची द्वारा बी०एन०एस०एस० की धारा-163 के अंतर्गत परीक्षा केन्द्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की गई है। यह निषेधाज्ञा 29 सितंबर को सुबह 5:30 बजे से शाम 8:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है, जिसमें:
- 5 या अधिक व्यक्तियों का जमा होना प्रतिबंधित है।
- ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं किया जा सकता।
- अस्त्र-शस्त्र और हरवे हथियार लेकर चलना प्रतिबंधित है।
- बैठक या आमसभा का आयोजन नहीं किया जा सकता।

Tags - झारखंड न्यूज झारखंड हिंदी न्यूज JSSC मैट्रिक स्तरीय परीक्षा Jharkhand News Jharkhand Hindi News Matriculation Level Exam