द फॉलोअप डेस्क
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पांच दिसंबर की शाम देवघर आएंगे। जेपी नड्डा देवघर में बने भाजपा के भव्य कार्यालय का अगले दिन 6 दिसंबर को उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष सह प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष प्रो आदित्य साहु, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत दर्जनों विधायक और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। मालूम हो कि भाजपा ने संतालपरगना में संगठन की मजबूती के उद्देश्य से इस भव्य कार्यालय का निर्माण कराया है। कार्यालय के निर्माण से संतालपरगा के भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं को बैठकें और कार्यक्रम करने में सहुलियतें होंगी। इसके अलावा बाहर से देवघर में पूजा अर्चना के लिए आनेवाले भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को भी रहने का ठौर मिलेगा। भाजपा का यह भव्य कार्यालय देवघर के चितोलोढिया स्थित ठाड़ी में बना है। यह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। बड़ा है और कई कमरे और कंफ्रेंस रूम भी बने हैं।

इधर जानकारी के अनुसार भाजपा ने पार्टी के विधायकों और वरीय नेताओं को भी देवघर आने का निर्देश दिया है। पांच दिसंबर को झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र प्रारंभ हो रहा है। शोक प्रकाश और जरूरी विधायी दस्तावेजों को सदन में पेश किए जाने के बाद कार्यवाही स्थगित किए जाने की परंपरा रही है। इस तरह सदन की कार्यवाही के स्थगित होते ही अधिकतर विधायक देवघर के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां छह दिसंबर को जेपी नड्डा भाजपा कार्यालय का उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले पांच दिसंबर की रात वह प्रदेश भाजपा के बड़े नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे।
