द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
JMM News Jharkhand: झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति ने पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने वाले चार जिला समितियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। चेतावनी दी है। सात दिनों के भीतर जिला समितियों से कारण बताओ नोटिस का जवाब देने का निर्देश दिया गया है। झामुमो के ये चार सांगठनिक जिले हैं, कोडरमा, लोहरदगा, साहेबगंज और चतरा। झामुमो केंद्रीय समिति के महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस में जिला समितियों को तय समय सीमा के भीतर नामों की अनुशंसा नहीं किए जाने को गंभीरता से लिया गया है। अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है। साथ ही कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है।
.jpeg)
समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जिला समितियों ने नहीं किया निर्देशों का पालन
विनोद कुमार पांडेय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कोडरमा और लोहरदगा में जिला समितियों की अनुशंसा पर पहले स्थानीय समितियों को भंग कर 10 दिनों के भीतर जिला समिति की बैठक बुलाने और नए गठन के लिए अनुशंसित नामों की सूची केंद्रीय कार्यालय भेजने का निर्देश दिया गया था। कोडरमा जिला समिति को 13 अक्टूबर को झुमरी तिलैया नगर समिति को भंग कर नई सूची भेजने का निर्देश था। 23 अक्टूबर को ही 10 दिन की समय सीमा समाप्त हो गयी। लोहरदगा जिला समिति को 22 अक्टूबर तक सूची भेजने का निर्देश था। लेकिन एक माह बीतने के बाद भी दोनों जिला समितियों ने नामों की अनुशंसा नहीं की। इसके अलावा 16 अक्टूबर तक साहेबगंज जिला समिति को बरहरवा नगर समिति एवं तालझारी प्रखंड समिति को भंग कर नयी कमेटी के गठन के लिए नामों की अनुशंसा करने का निर्देश था। फिर चतरा जिला समिति को भी 17 अक्टूबर तक इसी निर्देश का पालन करना था। लेकिन चारों जिला समितियों ने पार्टी के निर्देशों का समय सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया।
