रांची
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता रिजवान क्रांतिकारी ने सोमवार को दिल्ली जाकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के सर्वोच्च नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत की जानकारी ली। रिजवान ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि दिशोम गुरु हम सबके मार्गदर्शक हैं और राज्य की राजनीति में उनकी उपस्थिति आज भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उल्लेखनीय है कि शिबू सोरेन बीते एक सप्ताह से अधिक समय से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। मल्टीबल ऑर्गेन फैल्योर, उम्रजनित स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है लेकिन निगरानी में रखा गया है।

इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन से बातचीत में रिजवान क्रांतिकारी ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया। बताया जा रहा है कि पार्टी के अंदरुनी संगठनात्मक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त चर्चा हुई।
जेपीएम कार्यकर्ताओं के बीच दिशोम गुरु के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है और पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार उनके हालचाल ले रहे हैं। रिजवान की यह मुलाकात भी इसी क्रम का हिस्सा मानी जा रही है।
