logo

झामुमो के तेज तर्रार नेता सोनाराम बोदरा ने दिया इस्तीफा, चंपाई सोरेन के साथ थामेंगे बीजेपी का दामन 

godra.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन आज बीजेपी में शामिल होने वाले हैं। उनके साथ कई झामुमो के कार्यकर्ता भी बीजेपी का दामन थाने वाले हैं। उनमें सरायकेला के जिला परिषद के अध्यक्ष सोना राम बोदरा भी शामिल हैं। इसके साथ ही झामुमो युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सानंद आचार्य भी बीजेपी का दामन थामने वाले हैं। इन दोनों ने झामुमो से इस्तीफा भी दे दिया है। सोनाराम बोदरा अपने समर्थकों साथ झामुमो छोड़ कर भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने अपना इस्तीफा पत्र झामुमो के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ शिवेंदु महतो को भेज दिया है। सोनाराम बोदरा अपने राजनीति गुरु चम्पाई सोरेन के साथ शुक्रवार को रांची में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा में शामिल होंगे। 


सोनाराम बोदरा की गिनती झामुमो के तेज तर्रार नेता के रूप में होती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 से वे राजनीति से जुड़े हैं। राजनीति की पाठशाला की पढ़ाई उन्होंने चम्पाई सोरेन की उंगुली पकड़ कर की है। ऐसे में जब चम्पाई सोरेन झामुमो को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं तो वे भी अपने गुरु के साथ भाजपा में शामिल हो जाएंगे। चंपाई सोरेन के साथ भाजपा में शामिल होकर क्षेत्र के विकास व राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएंगे। सोनाराम बोदरा सरायकेला झामुमो प्रखंड अध्यक्ष पद पर लंबे समय से रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में इनकी काफी पकड़ बतायी जाती है। 


बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के साथ उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता लेंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलायेंगे।