रांची
'झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा' (JLKM) द्वारा मंगलवार को बोकारो के नवाडीह स्थित विनोद बिहारी स्टेडियम में 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार रहे। इस मौके पर डुमरी विधानसभा क्षेत्र में मैट्रिक और इंटरमीडिएट स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 110 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
विधायक जयराम कुमार महतो ने मंच से घोषणा की कि उनके पहले तीन महीनों की विधायक वेतन का अधिकांश हिस्सा छात्रों के बीच वितरित किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले संगठन के घोषणा-पत्र में वादा किया गया था कि निर्वाचित विधायक अपनी वेतन का 75 प्रतिशत भाग जरूरतमंदों को देंगे, और आज वही वादा पूरा हो रहा है। महतो ने कहा कि शिक्षा में सुधार ही समाज में परिवर्तन का माध्यम बन सकता है।

लैपटॉप, टैब और प्रशस्ति पत्र से सम्मान
संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने बताया कि मैट्रिक व इंटर के टॉप 10 छात्रों में प्रथम से तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को लैपटॉप, चौथे से दसवें स्थान वालों को टैब और डुमरी विधानसभा के 70 पंचायतों के 70 टॉपर छात्रों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
देवेंद्रनाथ महतो ने कहा, “हमारे संगठन की चुनावी घोषणा सिर्फ कागज पर नहीं, धरातल पर उतर चुकी है। राज्य में नई व्यवस्था और जनहित की राजनीति के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।” कार्यक्रम में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मोतीलाल महतो, महासचिव फरजान खान, प्रवक्ता विजय सिंह, सुशील मंडल, जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार महतो सहित हजारों की भीड़ मौजूद रही।
