द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित दादरा गांव की 20 वर्षीय सुमित्रा कुमारी की जिंदगी इन दिनों पति की रिहाई की उम्मीद और गहरे मानसिक तनाव के बीच गुजर रही है। दुबई की जेल में बंद पति शशि कुमार पासवान की सुरक्षित वापसी के लिए वह लगातार सरकार से गुहार लगा रही हैं। इसी चिंता और परेशानी के बीच सोमवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनका इलाज किया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ। पति की गिरफ्तारी के बाद से ही सुमित्रा उनकी रिहाई को लेकर परेशान हैं। महीनों से चल रही अनिश्चितता और पति से दूरी ने उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला है।

बहन की शादी में आने के लिए दुबई से लौटना चाहते थे शशि
जानकारी के अनुसार, सुमित्रा के पति शशि कुमार पासवान वर्ष 2025 में एक कंपनी के अनुबंध पर काम करने के लिए दुबई गये थे। इसी दौरान उनकी छोटी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय हुई। शादी में शामिल होने के लिए शशि घर लौटना चाहते थे। इसी सिलसिले में वह कथित तौर पर एक दलाल के संपर्क में आये। शशि के पिता का आरोप है कि दलाल ने उन्हें सकुशल घर भेजने का भरोसा देकर पैसे भी लिये थे। हालांकि, बाद में प्रशासन की कार्रवाई के दौरान दलाल के साथ शशि को भी हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद से वह दुबई की जेल में बंद हैं। पति की हिरासत की खबर मिलने के बाद सुमित्रा लगातार उनकी रिहाई और सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए सरकार तथा प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रही हैं। उन्हें उम्मीद है कि सरकारी पहल से उनके पति जल्द घर लौट सकेंगे।

तनाव और खान-पान में लापरवाही से बिगड़ी हालत
पति की रिहाई को लेकर लगातार बनी अनिश्चितता ने सुमित्रा को मानसिक रूप से काफी परेशान कर दिया है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से तनाव में रहने और खान-पान पर ठीक से ध्यान नहीं देने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। अस्पताल में इलाज के दौरान भी वह पति को याद कर रोती-बिलखती रहीं। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें संभालने के साथ ढांढस बंधाया। एक तरफ पति की सुरक्षित वापसी की उम्मीद है, तो दूसरी तरफ उनके भविष्य को लेकर चिंता सुमित्रा को लगातार परेशान कर रही है। फिलहाल इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार है, लेकिन उनकी निगाहें अब भी सरकार की पहल पर टिकी हैं। उन्हें इंतजार है कि कब उनके पति दुबई की जेल से रिहा होकर वापस अपने घर लौटेंगे।