द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड में अब सुबह के समय भी ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि, रात में इसका प्रभाव अधिक महसूस किया जा रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आनेवाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार राज्य में 'अकवान' तूफान का असर अब खत्म हो चुका है और आसमान से धीरे-धीरे बादल छंट रहे हैं। ऐसे में पश्चिम और उत्तर दिशा से आनेवाली हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट होने की संभावना है। इसका सबसे अधिक असर रात के तापमान पर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस सप्ताह राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में रात के न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। हालांकि, दिन के अधिकतम तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। विभाग के अनुसार बुधवार से रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में सुबह के समय कोहरा छाये रहने के आसार हैं। हालांकि, सूरज निकलने के बाद आसमान साफ हो जायेगा और धूप खिलने लगेगी। इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी सिंहभूम के कुछ स्थानों और सिमडेगा में हल्की बारिश दर्ज की गयी है।

न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री के बीच रहने का अनुमान
फिलहाल झारखंड में अधिकतम तापमान 25 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आनेवाले सप्ताह में न्यूनतम तापमान घटकर 8 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान में इस गिरावट के कारण रात में घर से बाहर निकलने पर ठंड अधिक महसूस होगी। सुबह के समय भी लोगों को ठंड का सामना करना पड़ सकता है। खासकर देर रात और सुबह जल्दी घर से निकलनेवाले लोगों को ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।

पिछले सप्ताह न्यूनतम तापमान में हुई थी 8 डिग्री की बढ़ोतरी
मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले सप्ताह न्यूनतम तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। सात दिनों के दौरान रात के तापमान में करीब आठ डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गयी थी। इसके कारण ठंड का प्रभाव कुछ कम हो गया था। लेकिन अब मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। आसमान से बादल हटने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से इस सप्ताह न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में झारखंड में रात के साथ सुबह की ठंड भी बढ़ने वाली है।