द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा में आज विश्वविद्यालय विधेयक 2026 संशोधन के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य सरकार का कहना है कि यह विधेयक उच्च शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विश्वविद्यालयों के संचालन को सुचारू करने के उद्देश्य से लाया जा रहा है। सरकार में मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि यह बिल राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विधेयक सदन से पारित होने के बाद राज्यपाल की मंजूरी भी प्राप्त कर लेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कई विधायकों ने इसमें संशोधन के सुझाव दिए हैं और विश्वविद्यालयों को राजनीति से दूर रखने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

इधर, असम विधानसभा चुनाव को लेकर भी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस पर सुदिव्य सोनू ने कहा कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह समय आने पर स्पष्ट होगा। वहीं इस मुद्दे पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पार्टी बिहार में चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा सकी और अब असम की बात कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि हेमंत सोरेन असम में चुनाव लड़ने का साहस जुटा पाएंगे।
