रांची
झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जल्द ही राज्य को दो नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल सकती है। प्रस्ताव के अनुसार, शालीमार (कोलकाता) से मुंबई तक चलने वाली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन टाटानगर और चक्रधरपुर स्टेशन होते हुए संचालित होगी। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो टाटानगर को पांचवीं वंदे भारत ट्रेन मिलने की संभावना है।
टाटानगर से वाराणसी तक भी दौड़ेगी स्लीपर वंदे भारत
इसके अलावा टाटानगर से वाराणसी के बीच भी एक नई स्लीपर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की योजना है। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) ने 11 जून को गार्डनरीच मुख्यालय से रेलवे बोर्ड को दोनों ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेज दिया है। अब अंतिम मंजूरी का इंतजार है। इन ट्रेनों के शुरू होने से झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी। लंबी दूरी की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आरामदायक और समय बचाने वाली होगी। फिलहाल टाटानगर से पटना और बरहमपुर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है। वहीं रांची-हावड़ा और राउरकेला-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलती हैं।
रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार
रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत ट्रेन मुंबई शालीमार के बीच टाटानगर, चक्रधरपुर और राउरकेला होते हुए दोनों दिशाओं में संचालित की जाएगी। इससे टाटानगर के यात्रियों को मुंबई के लिए तेज, आधुनिक और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। बताया जा रहा है कि जून में आयोजित दक्षिण पूर्व रेलवे जोन रेलवे सलाहकार समिति की बैठक में रांची के सदस्य अरुण जोशी ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने टाटानगर से बंद पड़ी अंत्योदय एक्सप्रेस को स्लीपर और एसी कोच के साथ दोबारा शुरू करने की मांग भी की थी। रेलवे अधिकारियों ने बैठक में बताया कि वर्तमान में हावड़ा और शालीमार से टाटानगर होकर मुंबई के लिए आठ ट्रेनें संचालित हो रही हैं। साथ ही यात्रियों की मांग को देखते हुए नए प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन भी दिया गया है।