logo

हेमंत सरकार पर बाबूलाल मरांडी का आरोप- झारखंड में बढ़े राजनीतिक हिंसा के मामले

MARANDI6.jpeg

रांची  

2022 में झारखंड में सबसे अधिक राजनीतिक हिंसा हुई हैं। इस तथ्य को शर्मनाक बताते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला किया है। मरांडी ने आरोप लगाया है कि हेमंत सोरेन जबसे झारखंड के मुख्यमंत्री बने हैं, उन्होंने विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा दिया है। इस बाबत मरांडी ने NCRB की रिपोर्ट का हवाला देते हुए ट्वीट किया है। कहा है कि NCRB के आंकड़े इस तथ्य की पुष्टि भी करते हैं। क्योंकि पिछले साल राजनीतिक रंजिश की वजह से सबसे अधिक हत्याएं झारखंड में ही की गयी हैं। 

 

भड़काऊ औऱ उत्तेजित बयान देने का आरोप 

मरांडी ने आगे कहा है कि CM हेमंत और उनके मंत्रियों ने कई मौकों पर भड़काऊ, उत्तेजित बयान दिये। इससे विपक्ष के राजनीतिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ माहौल तैयार किया गया। मरांडी ने आरोप लगाया कि अब तक बीजेपी सहित कई अन्य दलों के राजनीतिक कार्यकर्ताओं की सरेआम हत्या झारखंड में हो चुकी है। कई मामलों में कोर्ट में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इन पर सुनवाई चल रही है। कहा कि ये अत्यंत दुख की बात है कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के बदले राज्य सरकार अपराधियों का संरक्षक बनकर बैठी हुई है। 

क्या है NCRB की रिपोर्ट में 

गौरतलब है कि हाल ही में NCRB की 2022 की रिपोर्ट प्रकाशित हुई है। इसमें बताया गया है कि झारखंड में होने वाले अपराध में समग्र रूप से बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट की मानें तो झारखंड में अपराधों की संख्या वर्ष 2021 की तुलना में बढ़ी है। 2021 में कुल 47,684 केस दर्ज हुए। लेकिन, वर्ष 2022 में राज्यभर में 48,726 मामले दर्ज हुए। इसी तरह राज्य में बच्चों के खिलाफ अपराधों में भी वृद्धि हुई है। 2021 की तुलना में ये वृद्धि 2.67% हुई है। झारखंड में महिलाओं के खिलाफ 2022 में दहेज प्रताड़ना, दहेज हत्या और पति द्वारा प्रताड़ित करने के मामले भी बढ़े हैं। रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि झारखंड में हत्या के आंकड़े घटे हैं। लेकिन राजनीतिक द्वेष में होने वाली हत्याएं बढी हैं।