logo

7 फरवरी से सर्द होंगी झारखंड की रातें, हवाएं बढ़ाएगी कनकनी

कदपीो28.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड के विभिन्न जिलों में सोमवार को बारिश हुई। उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश हुई। इससे मौसम में कुछ बदलाव आया है। राजधानी में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी समेत राज्य के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश हुई। कुछ हिस्सों पर आंशिक बादल छाए हुए हैं। यह मंगलवार को साफ हो जाएंगे। इसके बाद सर्द हवा का रुख झारखंड की ओर होगा। इससे राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी और रात की कनकनी फिर बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले चार दिन आसमान साफ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरी हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश हुई। गढ़वा के नगर उटारी में सबसे ज्यादा आठ मिमी बारिश हुई। 


बारिश के कारण गिरा तापमान 
वहीं बरही, भवनाथपुर, लेस्लीगंज, चतरा, हजारीबाग, चंद्रपुरा, रामगढ़ आदि जगहों पर बारिश हुई। इन जगहों पर बारिश होने से दिन में ठंड में वृद्धि हुई है। बारिश होने के कारण मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान चार डिग्री नीचे गिरा। यह 27.6 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटे की तुलना में यहां अधिकतम पारा में तीन डिग्री कमी आयी। वहीं, न्यूनतम पारा 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 30.3 और न्यूनतम 15.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं देवघर, चतरा, गोड्डा, गिरिडीह और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 24 डिग्री से नीचे रहने के कारण दिन में ठंड का एहसास हो रहा है। 
कल दिनभर ठंड से राहत मिली
सोमवार को राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। जबकि, न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान सामान्य से अधिक रहा। इससे दिन में ठंड से राहत मिली।