logo

21 मार्च तक झारखंड में बारिश और तेज आंधी की संभावना, कई जिलों में ओलावृष्टि; रांची से उड़ानें प्रभावित

वोीगेप39.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से झारखंड का मौसम अचानक बदल गया है। सोमवार को दोपहर बाद कई जिलों में आसमान पर घने काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। कई स्थानों पर देर रात तक मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मंगलवार से लेकर 21 मार्च तक कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश, तेज हवा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। राजधानी रांची में लगभग 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि सबसे अधिक 56 मिलीमीटर बारिश गिरिडीह में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा खूंटी और पाकुड़ जिलों में ओलावृष्टि की सूचना मिली है। नामकुम और ईटकी सहित आसपास के कई क्षेत्रों में भी ओले गिरने की खबर सामने आई है।

सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण दिन में ही शाम जैसा माहौल महसूस हुआ। शाम होते-होते तेज हवा, बादलों की गड़गड़ाहट और हल्की बारिश के साथ मौसम ने अचानक करवट ले ली। इस दौरान हवा की रफ्तार लगभग 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। तेज आंधी के कारण कडरू मेन रोड स्थित सोरोम बार के खुले छत वाले हिस्से का शेड उड़कर पास की स्काईलाइन इमारत के नीचे गिर गया। इससे वहां खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि आसपास के इलाकों में कई जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई।

मौसम खराब होने का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। रांची से दिल्ली, चेन्नई, भुवनेश्वर और बेंगलुरु जाने वाली कई उड़ानें देर से रवाना हुईं। वहीं बेंगलुरु से कोलकाता की ओर मोड़ा गया एक विमान बाद में रद्द कर दिया गया, जिसके कारण रांची हवाई अड्डे पर इंतजार कर रहे करीब डेढ़ सौ यात्रियों को वापस लौटना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक तेज हवा, गरज और बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।