logo

झारखंड विधानसभा में SIR पर राजकीय संकल्प : मौजूदा प्रक्रिया पर रोक, नए सिरे से पुनरीक्षण कराने की मांग

मौजूदा प्रक्रिया पर रोक, नए सिरे से पुनरीक्षण कराने की मांग

द फॉलोअप डेस्क, रांची

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राज्य सरकार ने मौजूदा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसके स्वरूप में बदलाव और नए सिरे से SIR कराने की मांग की है। झारखंड विधानसभा की कार्यसूची में शामिल राजकीय संकल्प में निर्वाचन आयोग की ओर से चलायी जा रही SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को हो रही परेशानियों, दस्तावेजों की बाध्यता, तकनीकी खामियों और सामाजिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए वर्तमान प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा पारदर्शी, सरल और सर्वमान्य प्रक्रिया तैयार करने का प्रस्ताव रखा गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से प्रस्तावित इस राजकीय संकल्प में कहा गया है कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में मतदाताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी SIR की प्रक्रिया की जटिलता, तकनीकी खामियों और मांगे जा रहे दस्तावेजों को लेकर खबरें प्रकाशित होती रही हैं। नाम की वर्तनी में अंतर जैसी वजहों से भी कई वैध मतदाताओं को संदिग्ध सूची में शामिल किए जाने की बात संकल्प में कही गई है। संकल्प में झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम प्रकाशित किए जाने का उल्लेख किया गया है। यानी करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का दावा किया गया है। प्रारूप सूची में प्रकाशित 2.21 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदिग्ध मानते हुए नोटिस जारी किए जाने की बात भी संकल्प में कही गई है। नोटिस वाले मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancies) से संबंधित बताए गए हैं। इनमें माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र में अंतर और उत्तराधिकारियों की संख्या जैसी विसंगतियों का उल्लेख है।

आदिवासी, PVTG और प्रवासी मजदूरों की कठिनाइयों का उल्लेख

राजकीय संकल्प में झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक परिस्थितियों को SIR के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों का प्रमुख आधार बताया गया है। इसमें कहा गया है कि आदिवासी समुदायों में शिक्षा एवं जागरूकता की कमी, PVTG समुदायों की कठिन परिस्थितियां और सरकारी दस्तावेजों में जन्मतिथि के अंतर जैसी समस्याएं वैध मतदाताओं को भी परेशान कर सकती हैं। संकल्प में यह भी उल्लेख किया गया है कि झारखंड की बड़ी आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है। खेती के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों के लोग कृषि श्रमिक के रूप में दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं। इसके अलावा झारखंड के लाखों मजदूर दिल्ली, मुंबई और सूरत जैसे महानगरों में काम करते हैं। ऐसे प्रवासी मजदूरों के लिए गणना प्रपत्र भरने के दौरान झारखंड लौटना कठिन हो सकता है। घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं होने की स्थिति में नाम मतदाता सूची से हटने का खतरा भी पैदा हो सकता है। बुजुर्ग मतदाताओं, महिलाओं, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं की दस्तावेज संबंधी परेशानियों का भी संकल्प में उल्लेख किया गया है। विवाह के बाद दूसरे गांव में रहने वाली महिलाओं के नाम मायके की मतदाता सूची में होने, लेकिन ससुराल की सूची में नाम नहीं होने जैसी परिस्थितियों को भी समस्या बताया गया है।

दस्तावेज और तकनीकी समस्याओं पर भी सवाल

संकल्प में SIR के दौरान दस्तावेजों की उपलब्धता और स्वीकार्यता को लेकर भी चिंता जतायी गयी है। कहा गया है कि कई बुजुर्ग मतदाताओं के पास जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट या मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। आधार कार्ड, राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता अथवा जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार नहीं किए जाने से लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। इसके अलावा BLO के पास सीमित समय, मतदाताओं तक केवल एक बार पहुंचने, हिंदी और अंग्रेजी में प्रपत्र होने से ग्रामीण मतदाताओं को सहायता की जरूरत पड़ने तथा स्मार्टफोन और OTP संबंधी समस्याओं के कारण ऑनलाइन सुधार पोर्टल के इस्तेमाल में कठिनाई का भी उल्लेख किया गया है।

पश्चिम बंगाल के SIR का उदाहरण देकर जतायी आशंका

राजकीय संकल्प में पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में पिछले विधानसभा चुनाव से पहले हुए SIR का उदाहरण भी दिया गया है। इसमें कहा गया है कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद अपीलों के निपटारे के लिए ट्रिब्यूनल गठित किए गए और बड़ी संख्या में अपीलें प्राप्त हुईं। संकल्प के मुताबिक, यदि ट्रिब्यूनल के फैसले से वैध मतदाता सामने आते हैं, तो उन्हें पूर्व में हुए विधानसभा चुनाव में मतदान के अधिकार से वंचित करने का सवाल उठता है। झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में परिस्थितियां और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं।

SIR पर रोक और नए SOP के बाद पुनरीक्षण कराने का प्रस्ताव

राजकीय संकल्प के बिंदु 10 में कहा गया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कराने जाने पर राज्य सरकार की सैद्धांतिक सहमति है। हालांकि, सार्वभौमिक मताधिकार संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत प्रदत्त संवैधानिक अधिकार है और किसी भी योग्य मतदाता को किसी नियम, विनियम या प्रक्रिया के कारण इस अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। संकल्प में प्रस्ताव रखा गया है कि वर्तमान में चल रही SIR प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए इसके स्वरूप में यथोचित परिवर्तन किया जाए। सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा के बाद SIR के लिए पारदर्शी, सरल एवं सर्वमान्य प्रक्रिया और पूर्ण SOP तैयार की जाए। इसके बाद नए सिरे से SIR कराया जाए, ताकि सभी योग्य मतदाताओं के संवैधानिक अधिकार सुरक्षित रह सकें। संकल्प के अंतिम हिस्से में विधानसभा की विशेष बैठक में चर्चा के बाद इसे सभी सक्षम प्राधिकारियों को भेजने की स्वीकृति मांगी गई है। साथ ही, SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को हो रही परेशानियों से केंद्र सरकार को अवगत कराने और राज्य सरकार के संकल्प को केंद्र सरकार के पास भेजने के लिए विधानसभा की सहमति प्राप्त करने का प्रस्ताव रखा गया है।

Tags - Jharkhand SIRHemant SorenVoter ListElection CommissionJharkhand Politics