द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की सियासत में कांग्रेस को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। डुमरी विधायक जयराम महतो ने दावा किया है कि आने वाले कुछ महीनों में राज्य में कांग्रेस टूट सकती है और गैर भाजपा, गैर कांग्रेसी सरकार बनने की स्थिति बन सकती है। उन्होंने बिहार में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और क्रॉस वोटिंग का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड में भी ऐसे हालात बन सकते हैं। जयराम महतो के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने इस दावे को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार का तो नहीं जानता लेकिन झारखंड में कांग्रेस के सभी 16 विधायक एकजुट हैं और आगे भी साथ रहेंगे। इस मामले पर कांग्रेस विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जयराम महतो के बयान को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि “क्या जयराम महतो भगवान हैं, जो भविष्यवाणी कर रहे हैं?” उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड में कांग्रेस कभी नहीं टूटी है और आगे भी नहीं टूटेगी। कोंगाड़ी ने यह भी कहा कि कांग्रेस को लेकर इस तरह के बयान देना पूरी तरह गलत है और इससे भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।
