logo

निंदा : दुर्भाग्यपूर्ण है रांची की हिंसा, अनर्गल बयानबाजी से बचें पॉलिटिकल लीडर: राजेश ठाकुर

a48.jpg

रांची: 

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने रांची हिंसा को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की है। राजेश ठाकुर ने कहा कि ये अत्यंत दुखद घटना है। ऐसी परिस्थिति में हमें धैर्य और संयम से काम लेना होगा। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि झारखंड के लोग अमन पसंद हैं। वे समझेंगे। राजेश ठाकुर ने ये भी कहा कि सभी नेताओं को अनर्गल बयानबाजी से बचना चाहिए।


 
सांप्रदायिक सद्भभाव बनाए रखना कर्तव्य
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमें ये समझना होगा कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई। हमें घटना के तह तक जाना होगा। समझना होगा कि ऐसी घटनाओं में वृद्धि क्यों हो रही है। परस्पर एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करना हमारा नैतिक कर्तव्य है। धैर्य के साथ सांप्रदायिक सद्भभाव बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि लोगों को शांति बनाये रखना होगा। 

उपायुक्त ने शांति बनाए रखने की अपील की
गौरतलब है कि शुक्रवार को बीजेपी की निलंबित राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपूर शर्मा की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बुलाए गये बंद के दौरान हिंसा भड़क गई। पत्थऱबाजी की घटना घटी। भीड़ ने वाहनों में तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया। इस दौरान कम से कम 12 लोगों के घायल होने की सूचना है। फिलहाल, रांची जिला प्रशासन ने सुजाता चौक से लेकर एल्बर्ट एक्का चौक तक धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। उपायुक्त ने लोगो से शांति बरतने की अपील की।