द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण (Dhalbhumgarh Airport Project) की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति का स्वागत किया है। एयरपोर्ट के लिए 99.256 हेक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव पर रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा सशर्त अनुशंसा किए जाने का झारखण्ड चैंबर ने स्वागत योग्य कदम बताया। चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और मंत्रालय ( Ministry of Environment Forest and Climate Change) के प्रति आभार जताया। चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र के व्यवसायियों एवं उद्यमियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए झारखंड चैंबर द्वारा लगातार धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण का मुद्दा संबंधित प्राधिकार एवं सरकार के समक्ष उठाया जाता रहा है।

कोल्हान क्षेत्र औद्योगिक एवं खनिज संपदा की दृष्टि से देश के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल
जमशेदपुर सहित संपूर्ण कोल्हान क्षेत्र औद्योगिक एवं खनिज संपदा की दृष्टि से देश के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल है। ऐसे क्षेत्र में बेहतर हवाई कनेक्टिविटी (Air connectivity) निवेश आकर्षित करने, उद्योगों एवं एमएसएमई (MSME) के विस्तार, व्यापारिक गतिविधियों को गति देने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का निर्माण झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के लिए भी आर्थिक एवं व्यावसायिक दृष्टि से लाभकारी साबित होगा। चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना लंबे समय से क्षेत्र की व्यावसायिक एवं औद्योगिक जरूरत रही है। इसकी शीघ्र स्वीकृति से कोल्हान सहित पूरे झारखंड के आर्थिक विकास (Economic Development) को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आग्रह किया कि प्रस्ताव के मंत्रालय के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय पहुंचने के बाद वन स्वीकृति की अंतिम प्रक्रिया में तेजी लाई जाय ताकि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण का मार्ग शीघ्र प्रशस्त हो सके।
